रिपोर्ट – विवेक श्रीवास्तव
शनिवार को नानपारा विधानसभा में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर अपनादल और खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम के तहत संचालित मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में ड्रीम हाउस नानपारा से पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद आनंद गौड़ ने किया, जबकि नेतृत्व नानपारा विधायक राम निवास वर्मा ने किया। मुख्य बाजार होते हुए यात्रा शिवालय बाग पहुंची, जहां समापन पर विशाल जनसभा का आयोजन हुआ। जनसभा के मुख्य अतिथि मद्य निषेध उपाध्यक्ष बृजेश शुक्ल रहे। लगभग छह किलोमीटर लंबी पदयात्रा में लोग हाथों में तिरंगा लिए “वन्दे मातरम” और “जय जय पटेल” के नारे लगाते आगे बढ़ते रहे। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। जनसभा का संचालन हरिशचंद्र गुप्त ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। मुख्य अतिथि बृजेश शुक्ल ने कहा कि सरदार पटेल के अदम्य संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व ने स्वतंत्रता के बाद 560 से अधिक रियासतों को एकजुट कर सशक्त भारत की नींव रखी। विधायक राम निवास वर्मा ने कहा कि यह यात्रा सरदार पटेल के आदर्शों और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। भाजपा नेता घनश्याम सिंह, पूर्व विधायक दिलीप वर्मा, पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष कृपा राम वर्मा और ब्लॉक प्रमुख विजय वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मेरा युवा भारत की ओर से नुक्कड़ नाटक टीम ने एकता का संदेश देते हुए नाटक प्रस्तुत किया। पदयात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेश पांडे, ब्लॉक प्रमुख शिवपुर प्रतिनिधि सुधीर यज्ञ सैनी, नगर पंचायत रुपईडीहा अध्यक्ष उमाशंकर, अपना दल के सत्येंद्र वर्मा, हरिहर वर्मा, अमन वर्मा सहित भाजपा व अपनादल के कार्यकर्ता, स्थानीय लोग, मेरा युवा भारत के युवा और छात्र बड़ी संख्या में शामिल रहे।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
