बहराइच। लगभग तीन सप्ताह पहले CMD NEWS ने विकास खंड बलहा की ग्राम पंचायत लालबोझी स्थित करीब 18 लाख रुपये की लागत से निर्मित बैकुंठ धाम की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। समाचार में श्मशान भूमि परिसर और शवदाह स्थल पर उगी बड़ी-बड़ी घास, झाड़-झंखाड़ तथा साफ-सफाई के अभाव को उजागर किया गया था।
खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग की ओर से श्मशान भूमि परिसर में कुछ हद तक घास की कटाई कराई गई। हालांकि, मौके की ताजा तस्वीरें बताती हैं कि यह कार्रवाई पूरी तरह प्रभावी नहीं रही। शवदाह स्थल के भीतर आज भी घास और खरपतवार मौजूद हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सफाई अभियान अधूरा छोड़ दिया गया।
श्मशान भूमि जैसे सार्वजनिक और संवेदनशील स्थल पर इस प्रकार की आधी-अधूरी व्यवस्था कई सवाल खड़े करती है। यदि साफ-सफाई कराई गई थी, तो पूरे परिसर के साथ-साथ शवदाह स्थल को भी पूरी तरह साफ और उपयोग योग्य बनाया जाना चाहिए था। ताजा तस्वीरों में शवदाह स्थल के भीतर उगी घास अब भी साफ दिखाई दे रही है, जिससे यह चर्चा है कि कहीं यह कार्रवाई केवल औपचारिकता निभाने या उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने तक ही सीमित तो नहीं रही।
उल्लेखनीय है कि CMD NEWS ने अपनी पूर्व रिपोर्ट में यह भी बताया था कि ग्राम पंचायत की कार्ययोजना में अंत्येष्टि स्थल के निर्माण पर लगभग 18 लाख रुपये खर्च दर्शाया गया है। ऐसे में अब सवाल केवल निर्माण का नहीं, बल्कि उसके नियमित रखरखाव और जनहित में उपयोग सुनिश्चित करने का भी है।
अब देखना यह होगा कि संबंधित अधिकारी श्मशान भूमि की शेष कमियों को दूर कर इसे पूरी तरह व्यवस्थित कराते हैं या फिर यह कार्रवाई भी केवल सीमित सफाई तक ही सिमटकर रह जाएगी।
CMD NEWS की पड़ताल ग्राम पंचायत लालबोझी के बैकुंठ धाम तक सीमित नहीं रहेगी ग्राम पंचायत में जनहित से जुड़े अन्य विकास कार्यों, व्यवस्थाओं और संभावित अनियमितताओं पर भी क्रमवार विस्तृत समाचार प्रकाशित किए जाएंगे, ताकि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई कर जवाबदेही सुनिश्चित कर सके।
पूर्व की खबर👇👇
CMD News Newspaper & Live News Web Channel

