बहराइच। नानपारा रेंज अंतर्गत विकासखंड शिवपुर के ग्राम बेला मकान में शुक्रवार सुबह आबादी के समीप स्थित एक कुएं में लगभग 10 फीट लंबा मगरमच्छ गिर जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नानपारा रेंज की वन विभाग टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार मगरमच्छ को कतरनियाघाट वन प्रभाग स्थित महादेव ताल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी पीयूष गुप्ता ने बताया कि वर्षाकाल में नदी, नाला, नहर और तालाब जैसे जल स्रोतों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जलाशयों के किनारे अकेले न जाएं तथा किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर स्वयं उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में मगरमच्छों से बचाव के लिए पोस्टर, जनजागरूकता अभियान और अन्य माध्यमों से लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
