कैसरगंज (बहराइच)। लगातार हो रही बारिश के बाद तहसील कैसरगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत गोड़हिया नंबर-1 के बहता पुरवा गांव से कोठार जाने वाली कच्ची मिट्टी की सड़क कीचड़ और गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है। रास्ते पर जगह-जगह पानी भर जाने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
बरसात के कारण पूरी सड़क दलदल में बदल गई है, जिससे फिसलकर दुर्घटना होने का भी खतरा बना रहता है। इस मार्ग से आसपास के गांवों के लोग भी आवागमन करते हैं, लेकिन बदहाल रास्ते के कारण उन्हें भी काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि रास्ते की मरम्मत कराने की मांग कई बार ग्राम प्रतिनिधियों से की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद गांव की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से तत्काल रास्ते की मरम्मत कर आवागमन सुगम बनाने की मांग समाचार के माध्यम से की है।
रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार गौतम
CMD NEWS, कैसरगंज (बहराइच)
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
