रिपोर्ट: विवेक श्रीवास्तव (क्रांतिकारी)
नवाबगंज (बहराइच)। विकास खंड नवाबगंज की ग्राम पंचायत मजगवां स्थित प्राथमिक विद्यालय में हुई मामूली बारिश ने विद्यालय की मूलभूत व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। विद्यालय परिसर में जलभराव होने से छात्र-छात्राओं को पानी के बीच से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है।
विद्यालय परिसर एवं प्रवेश मार्ग पर पानी भर जाने के कारण नन्हे-मुन्ने बच्चों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में जलभराव की समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं कराया गया है।
विद्यालय सड़क की अपेक्षा काफी निचले स्तर पर स्थित है। इसी कारण बारिश का पानी परिसर में जमा हो जाता है और निकासी का उचित मार्ग न होने से जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराए जाने की मांग की है।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
