जिला बहराइच के विकास खंड बलहा क्षेत्र के ग्राम पंचायत नौसर गुमटिहा की मौजूदा ग्राम प्रधान सुनीता देवी पत्नी स्वर्गीय जवाहर लाल ने वित्तीय अनियमितताओं और पेमेंट डोंगल से जुड़े भ्रष्टाचार को लेकर जिलाधिकारी बहराइच व खंड विकास अधिकारी बलहा को गंभीर शिकायत भेजी है। उन्होंने डाक, ऑनलाइन जनसुनवाई और सीधे BDO से मिलकर भी विस्तृत प्रार्थना पत्र दिया। पूर्व में शिकायत पर भी अब तक संतोषजनक कार्रवाई न होने पर वह बेहद नाराज हैं।
शिकायतकर्ता सुनीता देवी, जो दलित समुदाय से हैं और पढ़ी-लिखी नहीं हैं, ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में पदभार ग्रहण करते ही पूर्व प्रधान तेजप्रताप और ग्राम पंचायत सचिव ने उन्हें बहलाकर अधिकृत पेमेंट डोंगल कब्जे में ले लिया, जो आज तक वापस नहीं किया गया। इससे उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन हुआ और पंचायत के सभी वित्तीय लेनदेन उनकी अनुमति के बिना किए गए।
उन्होंने कहा कि लगभग चार वर्षों में विकास कार्यों, योजनाओं और सरकारी धन के उपयोग की कोई जानकारी उन्हें नहीं दी गई। बैठकें भी उनसे छुपाई गईं, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं प्रभावित हुईं। साथ ही, संबंधित व्यक्तियों पर अवैध संपत्ति अर्जित करने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।
सुनीता देवी ने उच्चस्तरीय, आवश्यक होने पर सीबीआई जांच की मांग करते हुए डोंगल वापस दिलाने, अधिकार बहाल करने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की अपील की है। यह मामला अब ग्रामीणों में चर्चा का विषय बना हुआ है और जिलाधिकारी की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं। प्रधान सुनीता ने बताया अब फिर मौजूदा खंड विकास अधिकारी बलहा को शिकायत किया तब भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
रिपोर्ट – विवेक श्रीवास्तव सम्पादक
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
