बस्ती। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छावनी पुलिस ने हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले एक अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो मुख्य आरोपियों के साथ दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य वारदात के लिए वेन्यू कार का इस्तेमाल करते थे। कार पर राजनीतिक पार्टी का झंडा लगा रखा था, जिससे किसी को शक न हो। आरोपी तड़के भोर में हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाते थे और सो रहे ट्रक चालकों की नजर से बचकर डीजल चोरी कर लेते थे।
बताया गया कि सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर छावनी पुलिस ने 14 सितंबर की तड़के करीब 3:25 बजे मझौवा दूबे के पास संदिग्ध वाहन को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस ने वेन्यू कार, राजनीतिक पार्टी का झंडा, पांच गैलन और करीब 50 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरोह द्वारा अयोध्या, बस्ती और अम्बेडकरनगर सहित अन्य क्षेत्रों में ट्रकों से डीजल चोरी की वारदातें किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
यह कार्रवाई सीओ हरैया स्वर्णिमा सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में छावनी पुलिस द्वारा की गई। पुलिस की कार्रवाई से हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: अवनीश कुमार मिश्रा, CMD NEWS
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
