रिपोर्ट: विवेक श्रीवास्तव
बहराइच। नानपारा नगर के मुख्य बाजार क्षेत्रों में सार्वजनिक मार्गों, नगर पालिका द्वारा निर्मित पटरियों एवं नालों पर कथित अवैध अतिक्रमण को लेकर स्थानीय निवासी विनोद जायसवाल ने जिलाधिकारी बहराइच को शिकायती पत्र सौंपकर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि मुख्य बाजार, लड्डन गली के सामने वाली गली से बेगम मार्केट व चूड़ी गली होकर पुरानी बाजार जाने वाला मार्ग, राकेश टॉकीज से पुरानी बाजार मार्ग, कतरनिया तिराहा से सआदत इंटर कॉलेज तक तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा के सामने सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण किया गया है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, वाहनों और आपातकालीन सेवाओं को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद नगर पालिका द्वारा केवल औपचारिक कार्रवाई की जाती है और पूरे बाजार से निष्पक्ष तरीके से अतिक्रमण नहीं हटाया जाता। उनका आरोप है कि संबंधित अधिकारी पुलिस बल या मजिस्ट्रेट उपलब्ध न होने का हवाला देकर कार्रवाई टाल देते हैं।
जिलाधिकारी से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए तथा नगर के सार्वजनिक मार्गों से अवैध अतिक्रमण हटवाकर आम जनता को जाम और अन्य समस्याओं से राहत दिलाई जाए।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
