रिपोर्ट कृष्णा गोपाल

गांव गांव जाकर एसडीएम ने किया निरीक्षण
बहराइच। किसानों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उपजिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी द्वारा सराहनीय पहल की जा रही है। उनके निर्देशन में तहसील नानपारा क्षेत्र में 06 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष “फार्मर रजिस्ट्री अभियान” चलाया जा रहा है, जिसके तहत गांव-गांव कैंप लगाकर किसानों का निःशुल्क पंजीकरण किया जा रहा है। एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने आज स्वयं ग्राम उमरिया, चनैनी में पहुंचकर कैंपों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही हैं। उनके इस जमीनी स्तर पर सक्रिय प्रयास से किसानों में उत्साह और विश्वास दोनों बढ़ा है। इस अभियान के दौरान लेखपाल और कृषि विभाग की टीम द्वारा न केवल फार्मर रजिस्ट्री बनाई जा रही है, बल्कि खतौनी में नाम की त्रुटि, अंश निर्धारण, नाम मिसमैच जैसी समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया जा रहा है।
एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि:-
“फार्मर रजिस्ट्री एक अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है। भविष्य में पीएम किसान सम्मान निधि, खाद-बीज पर सब्सिडी, कृषि यंत्रों पर छूट जैसी सभी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य होगी।”
उन्होंने यह भी बताया कि फार्मर रजिस्ट्री बन जाने पर फसलों की बिक्री (गेहूं, धान, सरसों) में आसानी होगी, किसान क्रेडिट कार्ड मात्र 3 दिनों में बन सकेगा, फसल क्षति पर मुआवजा प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी, सभी सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी समस्या के मिलेगा
एसडीएम ने किसानों से आग्रह किया कि वे अपने आधार लिंक मोबाइल नंबर, आधार कार्ड और खतौनी/गाटा संख्या के साथ नजदीकी कैंप, जनसेवा केंद्र या लेखपाल से संपर्क कर तत्काल फार्मर रजिस्ट्री कराएं।
गांव-गांव पहुंचकर प्रशासन द्वारा चलाई जा रही यह मुहिम किसानों के हित में एक बड़ी पहल साबित हो रही है। क्षेत्र के किसानों में इस अभियान को लेकर सकारात्मक माहौल है और वे बढ़-चढ़कर इसमें भाग ले रहे हैं।
*एसडीएम नानपारा का संदेश साफ है —“अब देर न करें, फार्मर रजिस्ट्री शीघ्र जरूर कराएं और सभी सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं।”*
CMD News Newspaper & Live News Web Channel