रिपोर्ट – विवेक श्रीवास्तव
बहराइच। कहते हैं कि मजबूत इरादों और कड़ी मेहनत के सामने अभाव टिक नहीं पाते। इस कहावत को तहसील नानपारा के ग्राम भग्गापुरवा निवासी नूपुर पांडेय ने सच कर दिखाया है। नूपुर का चयन उत्तर प्रदेश अंडर-15 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष बृजेश पांडे ने सोमवार को भगवान का चित्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
2011 में जन्मी नूपुर की क्रिकेट में रुचि घर के सामने स्थित सआदत इंटर कॉलेज के मैदान से शुरू हुई। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत से अपनी गेंदबाजी, बल्लेबाजी और फील्डिंग में निखार लाया। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव इशरत महमूद खान के सहयोग से नूपुर को लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में प्रशिक्षण मिला। कोच आसिफ रजा के मार्गदर्शन में वह निरंतर अभ्यास कर रही हैं। नूपुर की सफलता जिले की हजारों बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका लक्ष्य भारतीय महिला क्रिकेट टीम में स्थान बनाना है।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
