रिपोर्ट – विवेक श्रीवास्तव
बहराइच। आदर्श समाज सेवा समिति उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में कस्बा जमोग स्थित पंडित राधेश्याम पाण्डेय सरस्वती इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी एवं विशिष्ट अतिथि पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समिति पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का बुके, अंगवस्त्र व स्मृतिचिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए एसडीएम नानपारा ने कहा कि युवतियां व छात्राएं भविष्य की पीढ़ी हैं और समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है, सरकार द्वारा महिलाओं व युवतियों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनका लाभ घर बैठे मिल सकता है तथा ऐसे जागरूकता कार्यक्रम मिशन शक्ति को मजबूती प्रदान करते हैं। वहीं सीओ नानपारा पहुप सिंह ने छात्राओं को साइबर अपराध से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि अनजान संदेशों को नजरअंदाज करें, ओटीपी साझा न करें और किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1923 पर सूचना दें, जिससे समय रहते सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जन जागरूकता कार्यक्रम समाज की सुरक्षा, कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण में अहम भूमिका निभाते हैं। महिला आरक्षी प्रियंका वर्मा व कनक सरोज ने मिशन शक्ति फेज-पांच के तहत महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, 1090, 112, 1098, 1076, 181, 108 व साइबर अपराध हेल्पलाइन 1923 की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम को कोतवाल रुपईडीहा रमेश रावत, अपराध निरीक्षक गणेश तिवारी, मिशन शक्ति टीम के उपनिरीक्षक सूर्यभान, समिति अध्यक्ष पत्रकार संतोष मिश्रा व कॉलेज प्राचार्य बीएस मिश्रा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन समिति ब्लॉक अध्यक्ष रामदीन गौतम ने किया। इस अवसर पर संगठन मंत्री बद्री सिंह, उपाध्यक्ष श्याम कुमार सिंह, प्रवक्ता बनारस गिरि, कॉलेज प्रबंधक कौशलेन्द्र पाण्डेय, वरिष्ठ पत्रकार अशोक उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, पत्रकार व छात्राएं उपस्थित रहीं।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
