रिपोर्ट: विवेक श्रीवास्तव
बहराइच। तहसील नानपारा के नगर क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही अतिक्रमण की समस्या पर अब प्रशासन सख्त होता दिखाई दे रहा है। गुरुवार को पूरे नगर में मुनादी कराकर सड़क और नाली पर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटाने की चेतावनी दी गई। मुनादी के माध्यम से स्पष्ट किया गया कि निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन द्वारा सामान जब्त करने के साथ नियमानुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा। नानपारा नगर में अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम, आवागमन में बाधा और विवाद की स्थिति उत्पन्न होती रही है। नगर पालिका द्वारा पूर्व में कई बार मुनादी कराई गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने से समस्या जस की तस बनी रही। इस बार प्रशासन की चेतावनी के बाद नगर में अतिक्रमण हटाए जाने की चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवागत उप जिलाधिकारी प्रकाश सिंह के कार्यभार संभालने के बाद नगर की प्रमुख समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि उप जिलाधिकारी के निर्देश पर ही मुनादी कराई गई है और जल्द ही अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाकर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रंग बहादुर सिंह ने बताया जल्द ही अतिक्रमण पर कार्रवाई की जाएगी।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
