रिपोर्ट: विवेक श्रीवास्तव (क्रांतिकारी)
तहसील नानपारा की उपजिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी की अध्यक्षता में शनिवार को थाना नानपारा परिसर में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए एसडीएम ने संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी फरियादी को अपनी शिकायत के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से बार-बार कार्यालयों या थाने के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी शिकायतों की मौके पर जाकर जांच की जाए तथा नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
समाधान दिवस के दौरान एसडीएम ने थाना अभिलेखों एवं विभिन्न रजिस्टरों का भी निरीक्षण किया तथा उनके सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं समय-समय पर अद्यतन किए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता, निष्पक्षता और गुणवत्ता के साथ किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। थाना समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) नानपारा, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष नानपारा, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल तथा पुलिस एवं राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
