Breaking News
Home / Uncategorized / BREAKING NEWS / बहराइच: हुज़ूरपुर सीएचसी में प्रोजेक्ट मातृ छाया के तहत अत्याधुनिक प्रसव केंद्र शुरू, अब गांव में मिलेंगी निजी अस्पतालों जैसी सुविधाएं
[responsivevoice_button pitch= voice="Hindi Female" buttontext="ख़बर को सुनें"]

बहराइच: हुज़ूरपुर सीएचसी में प्रोजेक्ट मातृ छाया के तहत अत्याधुनिक प्रसव केंद्र शुरू, अब गांव में मिलेंगी निजी अस्पतालों जैसी सुविधाएं

विधायक सुभाष त्रिपाठी व ब्लॉक प्रमुख अजीत प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से किया लोकार्पण

प्रदेश की पहली ऐसी सीएचसी, जहां उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन

पूर्ण वातानुकूलित परिसर में नवजात शिशु देखभाल केंद्र व डिलीवरी रूम का हुआ कायाकल्प

बहराइच 03 जून। ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। प्रोजेक्ट मातृ छाया के अंतर्गत सीएचसी व आकांक्षी ब्लॉक हुज़ूरपुर में निर्मित अत्याधुनिक प्रसव एवं मातृ-शिशु देखभाल केंद्र का उद्घाटन किया गया। क्षेत्रीय विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, विधायक प्रतिनिधि निशांक त्रिपाठी व ब्लॉक प्रमुख अजीत प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस विश्वस्तरीय सुविधा का लोकार्पण किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना श्पीएसआई इंडियाश् और श्एसबीआई फाउंडेशनश् के वित्तीय सहयोग से धरातल पर उतारी गई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार का संकल्प है। हुज़ूरपुर सीएचसी में अब गरीब महिलाओं को भी कॉरपोरेट अस्पतालों जैसी सुरक्षित प्रसव सुविधाएं निशुल्क मिलेंगी। वहीं हुज़ूरपुर, ब्लॉक प्रमुख, अजीत प्रताप सिंह ने कहा कि इस अत्याधुनिक केंद्र और नवजात शिशु देखभाल इकाई की शुरुआत से क्षेत्र में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी। यह ब्लॉक अब स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में जिले के लिए रोल मॉडल साबित होगा। समारोह के दौरान राज्य स्तर से आईं मातृ स्वास्थ्य की संयुक्त निदेशक डॉ. शालू गुप्ता भी मौजूद रहीं। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, बच्चों का अन्नप्राशन, आयुष्मान गोल्डन कार्ड और टीबी मरीजों को पोषण किट का वितरण भी किया गया।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. आभाष अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए केंद्र पर 35 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया गया है। पूरे परिसर (एएनसी व पीएनसी वार्ड, वेटिंग एरिया, नर्सिंग स्टेशन और स्टाफ रूम) को पूर्ण रूप से वातानुकूलित (एसी) बनाया गया है। इस परियोजना के तहत हुज़ूरपुर प्रदेश की पहली ऐसी सीएचसी बन गई है, जिसे अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन मिली है। उद्घाटन के बाद स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कविता चौधरी ने दो गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड कर सेवा का शुभारंभ किया।

इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश के तीन जनपदों बहराइच, हरदोई और बलरामपुर में एक-एक सीएचसी का चयन कर उनका कायाकल्प किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण महिलाओं को घर के पास ही प्राइवेट अस्पतालों जैसी सुरक्षित प्रसव सुविधाएं मिल सकें। सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने कहा सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ नवजात शिशु हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। हुज़ूरपुर में विकसित यह आधुनिक केंद्र क्षेत्र की हजारों गर्भवती महिलाओं व शिशुओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस मौके पर डीएचईआईओ बृजेश सिंह, जिला मंत्री हरेंद्र विक्रम सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष महेंद्र पाठक, मंडल अध्यक्ष दुर्गेश सिंह, सुधीर निषाद मंडल महामंत्री सत्येंद्र सिंह प्रधान एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एएनएम, आशा और भारी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।

About cmdnews

Check Also

23000 एलआईसी एजेंटों में प्रथम स्थान पर रहे गोंडा के अभिकर्ता पवन जायसवाल

सुनील तिवारी सीएमडी न्यूज गोण्डा। पूरे देश में एक साथ 1 जून को एलआईसी की …

Leave a Reply