बहराइच । जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) बहराइच ने 14 चिकित्साधिकारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। यह प्रशासनिक निर्णय जनहित को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) तथा ट्रॉमा सेंटरों में कार्यरत चिकित्साधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे बिना किसी विलंब के अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें।
सीएमओ कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि किसी भी चिकित्साधिकारी को प्रतिस्थानी (रिलीवर) की प्रतीक्षा किए बिना कार्यमुक्त किया जाएगा, ताकि नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने में कोई बाधा न आए। साथ ही कार्यभार ग्रहण करने के बाद उसका प्रमाण पत्र संबंधित अधिकारियों एवं कार्यालयों को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता में सुधार होगा तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। आदेश 30 मई 2026 को जारी किया गया।
रिपोर्ट – विवेक श्रीवास्तव (क्रान्तिकारी)
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
