रिपोर्ट – विवेक श्रीवास्तव
बहराइच – नानपारा मिशन शक्ति 5.0 के तहत गुरुवार को एक अनूठी पहल की गई जिसमें सॉफ्ट पेटल स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा पहल श्रीवास्तव को दो घंटे के लिए सर्किल नानपारा का पुलिस क्षेत्राधिकारी बनाया गया। पहल ने सीओ चैम्बर में बैठकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मैना निवेरिया की एक महिला ने ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित करने की शिकायत दर्ज कराई जिस पर पहल ने तत्काल मामले को महिला थाने भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। दो घंटे की सीओ बनी पहल ने कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं और मेहनत व पढ़ाई से हर क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है। पुलिसकर्मियों ने पहल का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ऐसी पहल से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और समाज में बेटियों को सम्मान मिलेगा। इस अवसर पर अन्य छात्राएं भी सीओ कार्यालय पहुंचीं। सीओ प्रधुम्न सिंह ने पहल को शुभकामनाएं दीं जबकि मिशन शक्ति 5.0 की उप निरीक्षक ममता सिंह, उप निरीक्षक काजल वर्मा और सीओ कार्यालय पेशकार दिग्विजय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
