रिपोर्ट – विवेक श्रीवास्तव
बहराइच जनपद के नानपारा क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए रेलवे अंडरपास अब लोगों की परेशानी का कारण बन गए हैं। नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर भोपतपुर से ताजपुर टेडिया गांव के बीच बने इस अंडरपास में न तो रोशनी की व्यवस्था है और न ही जल निकासी की। यही वजह है कि यहां से गुजरना लोगों के लिए जोखिम भरा बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम होते ही अंडरपास में घना अंधेरा छा जाता है। बादल छाए होने पर तो दिन में भी यहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। ग्राम प्रधान अवधेश कुमार, गया प्रसाद, राजेश्वर, अरुण और मुनीर ने बताया कि अंधेरे में पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को हमेशा खतरा बना रहता है। कई बार लोग मामूली हादसों का भी शिकार हो चुके हैं।
बरसात का मौसम इस समस्या को और भी भयावह बना देता है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से हल्की बारिश में भी अंडरपास जलमग्न हो जाता है। नतीजा यह कि दोपहिया वाहन सवारों को लेग गार्ड पर पैर रखकर पानी से होकर निकलना पड़ता है। फिसलन के कारण दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। वहीं चार पहिया वाहन तो बरसात के दिनों में यहां पूरी तरह फंस जाते हैं, जिससे लंबा जाम लग जाता है और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास बनने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, लेकिन अब यह उनकी परेशानी का सबब बन गया है। उन्होंने रेलवे प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि अंडरपास में प्रकाश व्यवस्था कराई जाए और जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और आवागमन सुरक्षित एवं निर्बाध हो सके।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
