बदायूं, 24 अक्टूबर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को बदायूं जिले के समरेर और उसावां में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए। दोनों स्थानों पर कुल 245 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इनमें 238 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए, जबकि सात मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया।
समरेर स्थित राजकीय आईटीआई कॉलेज में आयोजित समारोह में 136 जोड़ों ने विवाह किया और पांच मुस्लिम जोड़ों का निकाह हुआ। वहीं, उसावां के स्वर्गीय रामपाल सिंह राजकीय डिग्री कॉलेज में 102 जोड़े विवाह बंधन में बंधे और दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ।
दोनों कार्यक्रमों में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बन रही है। इससे बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभाने में परिवारों को मदद मिलती है।
योजना के तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये का लाभ निर्धारित है। इसमें 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री, 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च तथा शेष 64 हजार रुपये वधू के खाते में दिए जाने का प्रावधान है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।
बदायूं से हरि शरण शर्मा की रिपोर्ट।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel