बहराइच। बुधवार रात करीब 9 बजे शहर के एक होटल में दो लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। बहराइच के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान गौतमबुद्ध नगर निवासी 46 वर्षीय पिंकी और श्रावस्ती निवासी 27 वर्षीय रिंकू के रूप में बताई जा रही है। दोनों के अलग-अलग जिलों से होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद होटल में ठहरने और पहचान संबंधी प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इस संबंध में होटल प्रबंधन की भूमिका या किसी तरह की लापरवाही को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट: सुनील कुमार त्रिपाठी
CMD NEWS, बहराइच
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
