सावन की पहली सोमवारी पर पूरा जनपद बहराइच शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। जिले के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और “हर-हर महादेव” व “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना दिया।
जनपद के बाबा सिद्धनाथ मंदिर (बहराइच), मंगली नाथ मंदिर (नवाबगंज), बुद्धेश्वर नाथ महादेव (रामपुर), शिवालय बाग, बाबा विश्वनाथ मंदिर, जंगली नाथ मंदिर (नानपारा) सहित जिले के दर्जनों शिवालयों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने पूरे श्रद्धाभाव से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
नानपारा क्षेत्र से हजारों कांवरिये रविवार शाम भक्ति और उत्साह के साथ सरयू नदी के तकिया घाट पहुंचे। रात्रि में भजन-कीर्तन और शिव आराधना के बाद सोमवार प्रातः स्नान कर पवित्र सरयू जल भरा और “बोल बम” के जयघोष के साथ पैदल यात्रा करते हुए बाबा विश्वनाथ मंदिर, शिवालय बाग, मंगली नाथ मंदिर, जंगली नाथ मंदिर, बुद्धेश्वर महादेव सहित विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक किया।
कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नानपारा के संविधान चौक एवं इमामगंज चौराहे पर पुलिस क्षेत्राधिकारी, कोतवाल नानपारा तथा पुलिस बल ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों ने भी जगह-जगह सेवा शिविर लगाकर कांवड़ियों का अभिनंदन किया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूरे जनपद में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रमुख शिवालयों पर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए, जिससे जलाभिषेक का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
सावन की पहली सोमवारी पर आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे दिन जनपद “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गुंजायमान रहा।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
