रिपोर्ट – विवेक श्रीवास्तव
बहराइच। सर्राफा व्यापार मंडल बहराइच/श्रावस्ती द्वारा शपथ ग्रहण समारोह एवं संयुक्त कार्यसमिति बैठक का आयोजन ब्लिस रिसॉर्ट, बहराइच में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड तथा विशिष्ट अतिथि बहराइच सदर विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि श्री अशोक जायसवाल रहे। समारोह में व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीपक सोनी ‘दाऊ’ द्वारा चयनित पदाधिकारियों को उनके-अपने पद की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सर्राफा व्यापारियों ने सांसद को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए बीएनएस की धारा 317 के खिलाफ एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया। व्यापारियों का कहना था कि इस धारा के तहत मात्र चोर के बयान पर ही सर्राफा व्यापारी की दिन या रात में गिरफ्तारी हो जाती है, जिससे उन्हें मानसिक, सामाजिक और व्यापारिक नुकसान उठाना पड़ता है। सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को संसद में मजबूती से उठाया जाएगा और धारा 317 से जुड़ी जटिलताओं को दूर कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की तरह उत्तर प्रदेश में भी इस धारा के मामलों में कम से कम 15 दिन का नोटिस दिए जाने की व्यवस्था लागू होनी चाहिए। जिला कोषाध्यक्ष सत्येंद्र रस्तोगी ‘सत्या’ ने कहा कि नई कार्यसमिति व्यापारियों के हितों की रक्षा, व्यापारिक विकास और समाज सेवा के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी। जिला अध्यक्ष सुमित खन्ना ने कहा कि सरकार को धारा 317 से हो रहे नुकसान पर गंभीरता से विचार कर स्पष्ट मानक तय करने चाहिए, जिससे सर्राफा व्यापारी निर्भय होकर अपना व्यवसाय कर सकें।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
