रिपोर्ट – विवेक श्रीवास्तव
जिला बहराइच के नगर नानपारा में अतिक्रमण की समस्या लगातार विकराल रूप लेती जा रही है। मुख्य बाजार इमामगंज चौराहा से राजा फाटक तक सड़क के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण दिनभर कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इस जाम से राहगीरों, स्कूली बच्चों, एम्बुलेंस और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है आपातकाल सेवा के वाहन भी जाम झेलते हैं। नगर के मध्य स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सरकारी अस्पताल) तक पहुंचना और वहां से निकलना जाम के समय लगभग नामुमकिन हो जाता है। अस्पताल से रेफर किए गए मरीज इसी मार्ग से होकर बहराइच जाते हैं, लेकिन जाम में फंसने से उनकी स्थिति और बिगड़ जाती है। वहीं, दूर-दराज के गांवों से इलाज के लिए आने वाले मरीज भी घंटों जाम में फंसे रहते हैं, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल पाता। नगर पालिका द्वारा समय-समय पर खानापूर्ति के लिए अभियान चलाया गया, पर स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। कुछ माह पूर्व भी अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया गया था, पर कुछ ही दिनों में स्थिति पहले जैसी हो गई। प्रशासनिक लापरवाही और अधिकारियों की निष्क्रियता से अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। जनता की बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने से नगरवासियों में भारी रोष व्याप्त है और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। पुलिस के द्वारा जाम लगने पर वाहनों को आगे पीछे करके और गली दूसरे रास्तों पर निकलवा तो दिया जाता है लेकिन कुछ देर बाद फिर जाम लग जाता हैं क्योंकि अतिक्रमण जाम का कारण बनकर सामने आता हैं।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
