रिपोर्ट – विवेक श्रीवास्तव
नानपारा (बहराइच)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तत्वावधान में रविवार को नानपारा नगर में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों स्वयंसेवकों ने अनुशासित पंक्तियों में कदमताल करते हुए राष्ट्रभक्ति, एकता और संगठन शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। पथ संचलन का शुभारंभ नगर के ऐतिहासिक रामलीला चबूतरा से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों—स्टेशन रोड, कालीकुंड मंदिर, श्री शंकर इंटर कॉलेज मार्ग—से होते हुए पुनः रामलीला चबूतरा पर आकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में स्वयंसेवक गणवेश में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारों के साथ आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा नगर देशभक्ति की भावना से सराबोर हो उठा। पथ संचलन के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों जैसे धनीराम गली, सब्जी मंडी, इमामगंज चौराहा एवं स्टेशन बाजार सहित कई जगहों पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। नगरवासियों ने स्वागत की व्यवस्था कर संघ के प्रति अपना स्नेह और सहयोग प्रदर्शित किया। इस अवसर पर बस्ती, नगर एवं जिले के पदाधिकारी, अन्य पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता, स्वयंसेवक एवं गणमान्यजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संघ अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजन समाज में राष्ट्रभावना, अनुशासन, सेवा और एकता का संदेश देने के उद्देश्य से किए जाते हैं, ताकि समाज संगठित होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सके। कार्यक्रम के दौरान कोतवाली नानपारा की पुलिस एवं पीएसी बल सुरक्षा दृष्टिकोण से पूरी तरह सतर्क रहे और शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखी।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
