रिपोर्ट सुनील तिवारी सीएमडी न्यूज

दिनांक -28-09-2025 गोंडा।। क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण उस समय आया जब जनपद गोंडा के विकासखंड परसपुर अंतर्गत ग्राम हरदिहा सपौर निवासी अंतर्राष्ट्रीय जादूगर मिस्टर इंडिया को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए “डॉ. मनमोहन सिंह राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2025” से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें एकता फाउंडेशन द्वारा देश के पूर्व प्रधानमंत्री व भारतीय अर्थव्यवस्था के शिल्पकार डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया गया। संस्था शिक्षा, रोजगार एवं मौलिक अधिकारों के क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक संगठन है।जनहित के मुद्दों को लेकर हमेशा अग्रणी रहे जादूगर मिस्टर इंडिया ने अपनी जादुई कला के माध्यम से आम जनता को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी है। इसके साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशा मुक्ति, दहेज उन्मूलन जैसे सामाजिक अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम के दौरान एकता फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. जय संजय रामटेके ने कहा कि “हम जनता को पार्टियों के झंडे नहीं, देश का संविधान देना चाहते हैं। हमारा उद्देश्य है – हर नागरिक को शिक्षा, रोजगार और उसके अधिकार दिलाना।”
इस अवसर पर नीति आयोग द्वारा स्वीकृत सामाजिक योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने एकता फाउंडेशन की निःस्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए जादूगर मिस्टर इंडिया को इस उपलब्धि पर बधाई दी।
इस उपलब्धि को लेकर ग्रामीणों में भी हर्ष का माहौल है। लोगों ने इस उपलब्धि को पूरे जनपद के लिए गौरवपूर्ण बताया है।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel