रिपोर्ट – विवेक श्रीवास्तव
नानपारा, बहराइच: आगामी दीपावली त्योहार के मद्देनज़र नानपारा कोतवाली में मंगलवार को उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के सम्मानित नागरिकों, धार्मिक नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक का उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक उपायों पर चर्चा करना था। उपजिलाधिकारी अश्विनी पाण्डेय ने सभी उपस्थित लोगों से अपील की कि वे दीपावली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से मनाएं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पटाखों का उपयोग निर्धारित समय और सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार ही किया जाए ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही बाजार में अतिक्रमण को हटाने को कहा और बोले अगर अतिक्रमण नही हटा तो कार्यवाही निश्चित है।
इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रद्युम्न सिंह ने भी नागरिकों से सहयोग की अपील की और बताया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील इलाकों में विशेष चौकसी बरती जाएगी और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस दल तैनात रहेगा।
धार्मिक नेताओं और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने-अपने समुदायों से शांति और भाईचारे की अपील की। उन्होंने प्रशासन को विश्वास दिलाया कि दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा और कोई भी असामाजिक तत्व माहौल खराब करने का प्रयास न कर सके, इसके लिए सभी लोग सतर्क रहेंगे।
बैठक के अंत में उपजिलाधिकारी ने सभी उपस्थित लोगों को धन्यवाद दिया और शांति और सामंजस्य बनाए रखने के लिए प्रशासन और जनता के बीच बेहतर सहयोग की उम्मीद जताई। खाद्य रसद विभाग से पूर्ति निरीक्षक बलहा और शिवपुर और ग्राम विकास अधिकारी और कई ग्राम प्रधान सहित पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि पंकज जायसवाल, राजेश वर्मा, संतोष पोरवाल,पुनीत श्रीवास्तव, कई कोटेदार आदि लोग थे।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
