रिपोर्ट: विवेक श्रीवास्तव
बहराइच। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बरवलिया चौराहा में जमीन और दुकानों के कब्जे का विवाद मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया है। भाजपा रुपईडीहा मंडल उपाध्यक्ष संतोष कुमार ने विपक्षियों पर दुकानों का ताला तोड़कर दोबारा कब्जा करने, विरोध पर लोहे की रॉड से हमला करने और परिवार सहित हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, बरवलिया चौराहा स्थित गाटा संख्या 687 की दुकानों को लेकर न्यायालय में विवाद चल रहा था। शिकायतकर्ता का दावा है कि अपर सिविल जज (अवर खंड), बहराइच के 17 अगस्त 2026 के आदेश के अनुपालन में 14 सितंबर को विपक्षियों को दुकानों से बेदखल कराया गया था।
आरोप है कि 23 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब चार बजे नफीस उर्फ हाफिज अपने पुत्र शेख, पवन पांडेय, दिनेश व अन्य लोगों के साथ दुकानों का ताला तोड़कर दोबारा कब्जा करने पहुंचे। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई। इसी दौरान नफीस ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जो बचाव के दौरान शिकायतकर्ता की आंख के पास लगी। अन्य लोगों पर मारपीट और मोबाइल छीनने का भी आरोप है।
शिकायतकर्ता ने जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और सुलह न करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए परिवार की सुरक्षा मांगी है। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को जनसुनवाई पोर्टल पर भी सुरक्षा की गुहार लगाई थी।
रुपईडीहा थाने में एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना क्षेत्राधिकारी नानपारा को सौंपी गई है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
