रिपोर्ट: विवेक श्रीवास्तव
उत्तर प्रदेश (बहराइच)। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों और विस्फोटक पदार्थों के निर्माण व बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में नानपारा पुलिस ने सुतली बम के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पांच प्लास्टिक बोरियों में रखे सुतली बम, पलीता और सुतली सहित कुल 17 किलो 50 ग्राम सामग्री बरामद की है, जिसकी कीमत पुलिस अभिलेख में 70 हजार रुपये दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर सिद्दीक मड़ैया स्थित किराये की दुकान पर छापेमारी की गई। यहां अनवर अली पुत्र अब्बास अली निवासी बंजरिया को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 2 किलो 600 ग्राम सुतली बम, 800 ग्राम पलीता और 1 किलो 800 ग्राम सुतली बरामद हुई। पूछताछ में अनवर ने बताया कि वह स्वयं सुतली बम बनाकर जीशान, शिवम सोनी, अमन सोनी और मो. रईस को बेचता था। इसके बाद पुलिस ने सहादत इंटर कॉलेज मैदान में लगी पटाखा दुकानों की जांच की। चारों दुकानों से क्रमशः 2 किलो 450 ग्राम, 3 किलो 50 ग्राम, 3 किलो 200 ग्राम और 3 किलो 150 ग्राम सुतली बम बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, दुकानदारों के पास तीन दिवसीय अस्थायी आतिशबाजी बिक्री की अनुमति थी, लेकिन सुतली बम बेचने का प्राधिकार नहीं था। वहीं, अनवर के पास निर्माण एवं बिक्री का कोई लाइसेंस नहीं मिला। मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा संख्या 0446 वर्ष 2026 दर्ज कर पांचों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
कार्रवाई के बाद उठे कई सवाल: किराये की दुकान में सुतली बम बनाने का काम कब से चल रहा था? विस्फोटक सामग्री कहां से खरीदी जा रही थी? क्या इसके पीछे कोई बड़ा आपूर्ति नेटवर्क है? अस्थायी पटाखा दुकानों तक बिना वैध प्राधिकार के सुतली बम कैसे पहुंच रहे थे?
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
