रिपोर्ट: निशा फातिमा

गोंडा। छठ महापर्व पर घर पहुंचने की जल्दबाजी में गोंडा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। खासकर बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या सीटों की क्षमता से कई गुना अधिक दिखाई दी। हालात ऐसे रहे कि ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची और यात्रियों को खड़े होकर सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही उसमें चढ़ने के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी जैसी स्थिति देखने को मिली। कई यात्री खिड़कियों और दरवाजों के रास्ते अंदर घुसकर जगह बनाने की कोशिश करते नजर आए। बच्चों और परिवार के साथ छठ पर्व मनाने घर जा रहे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

त्योहार पर घर वापसी की बढ़ती भीड़ के चलते स्टेशन पर यात्रियों का दबाव लगातार बना रहा। वहीं यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे पुलिस और सुरक्षा बल भी अलर्ट नजर आए। देर रात तक प्लेटफॉर्म से लेकर ट्रेनों तक निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया गया, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
छठ महापर्व की खुशियों के बीच घर पहुंचने की उम्मीद में यात्री मुश्किलों भरा सफर तय करने को मजबूर हैं। भीड़ के बीच यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था को लेकर रेलवे की तैयारियां भी अहम सवाल बन गई हैं।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel