बदायूं, 25 अक्टूबर। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र म्याऊ, गूरा बरैला, अलापुर और हजरतपुर में रविवार को मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले आयोजित किए गए। इन मेलों में कुल 131 मरीजों का उपचार किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित कीं और स्वस्थ रहने के लिए जागरूक किया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र म्याऊ में चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार और डॉ. रिशीता की मौजूदगी में 50 मरीजों का उपचार किया गया। यहां मलेरिया और शुगर के पांच-पांच टेस्ट किए गए, जबकि सात मरीजों के ब्लड प्रेशर और पांच मरीजों की टीबी संबंधी जांच की गई।
डॉ. रिशीता ने बताया कि इन दिनों सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने शुद्ध पेयजल का इस्तेमाल करने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक की सलाह से ही दवाएं लेने की अपील की।
मेले के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने परिवार कल्याण कार्यक्रमों और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी दी। म्याऊ, गूरा बरैला, अलापुर और हजरतपुर के स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने मरीजों की जांच कर उपचार किया और जरूरत के अनुसार दवाएं वितरित कीं।
इस दौरान विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर संबंधित चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। जनआरोग्य मेलों का उद्देश्य लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
बदायूं से हरि शरण शर्मा, ब्यूरो चीफ।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel