Breaking News
Home / BREAKING NEWS / बहराइच: नानपारा में पिंजड़े में कैद हुआ तेंदुआ, वन विभाग ने ली राहत की सांस
[responsivevoice_button pitch= voice="Hindi Female" buttontext="ख़बर को सुनें"]

बहराइच: नानपारा में पिंजड़े में कैद हुआ तेंदुआ, वन विभाग ने ली राहत की सांस

बहराइच। नानपारा रेंज के अंतर्गत विकासखंड शिवपुर के ग्राम नेवादा पूरे कस्वाती में पिछले कई दिनों से आबादी क्षेत्र के आसपास विचरण कर रहे तेंदुए को वन विभाग ने आखिरकार पिंजड़े में कैद कर लिया। रविवार सुबह करीब 6 बजे तेंदुआ बकरी का शिकार करने के लिए लगाए गए पिंजड़े में घुसा और उसमें कैद हो गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षा की दृष्टि से रेंज कार्यालय पहुंचाया।

ग्रामीणों द्वारा लगातार तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद नानपारा रेंज की टीम सक्रिय हो गई थी। वन विभाग ने क्षेत्र में सघन गश्त और कॉम्बिंग अभियान चलाने के साथ ग्रामीणों को जागरूक किया। तेंदुए को आबादी से दूर रखने और किसी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए उसके पदचिह्नों के आधार पर ग्राम नेवादा पूरे कस्वाती में गन्ने के खेत के पास पिंजड़ा लगाया गया था।

बकरी बनी तेंदुए को पकड़ने का जरिया

रविवार सुबह करीब छह बजे तेंदुआ पिंजड़े में बांधी गई बकरी का शिकार करने के लिए अंदर पहुंचा। जैसे ही वह पिंजड़े में दाखिल हुआ, वह उसमें कैद हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित कब्जे में लिया और सुरक्षा की दृष्टि से उसे रेंज कार्यालय ले जाया गया।

मादा तेंदुआ, उम्र करीब 3 से 4 वर्ष

पकड़े गए तेंदुए का रविवार को पशु चिकित्साधिकारी शिवपुर डॉ. मनोज वर्मा एवं उनकी टीम ने शारीरिक परीक्षण किया। जांच में तेंदुआ मादा, करीब 3 से 4 वर्ष उम्र का और पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। वन विभाग द्वारा इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।

वन विभाग के अनुसार प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव, लखनऊ की अनुमति मिलने के बाद तेंदुए को उसके लिए निर्धारित नए प्राकृतिक वास स्थल में छोड़ा जाएगा।

गन्ने के खेत और जंगल की नजदीकी से बढ़ता है खतरा

वन विभाग के मुताबिक नानपारा रेंज क्षेत्र में गन्ने के खेतों की अधिकता और जंगल के समीप होने के कारण वन्यजीव कई बार आबादी वाले इलाकों की ओर आ जाते हैं। ऐसे में मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति से बचने के लिए विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

वनक्षेत्राधिकारी पीयूष गुप्ता ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों और बुजुर्गों को अकेले खेतों की ओर न भेजें तथा तेंदुए अथवा किसी अन्य वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या उसे घेरने का प्रयास न करें। वन विभाग की टीम को तत्काल सूचना दें।

रिपोर्ट: विवेक श्रीवास्तव

About cmdnews

Check Also

बहराइच के नानपारा तहसील परिसर में विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन, एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं मिलने से आमजन को मिली राहत

रिपोर्ट: विवेक श्रीवास्तव बहराइच। आमजन को विभिन्न विभागीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर …

Leave a Reply

WhatsApp