मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को गोंडा के रॉयल पैराडाइज मैरिज हॉल में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों से पंजीकृत 241 जोड़ों में से 205 जोड़ों का विवाह पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया गया।
समारोह में 188 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ, जबकि 17 जोड़ों का निकाह इस्लामिक पद्धति से मौलवी साहिबे आलम ने कराया। इस अवसर पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, सांसद गोंडा के प्रतिनिधि एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री प्रतिनिधि यूपी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी माधवी पांडेय, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी वंदना पांडेय सहित संबंधित खंड विकास अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
समारोह के दौरान सरकार की ओर से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता और गृहस्थी की सामग्री उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। योजना के तहत प्रति जोड़े के लिए 64 हजार रुपये की सहायता का उल्लेख किया गया। इसके अतिरिक्त नवदंपतियों को स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, वधू के लिए पांच साड़ियों का सेट, वर के लिए पैंट-शर्ट, दीवार घड़ी और सौंदर्य प्रसाधन किट सहित आवश्यक गृहस्थी की सामग्री दी जाती है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह में सहायता प्रदान करना तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
सुनील तिवारी | CMD NEWS
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
