Breaking News
Home / BREAKING NEWS / उत्तर प्रदेश: बहराइच के नानपारा को मिली विकास की बड़ी सौगात, व्यवसायिक हब, रोडवेज बस स्टॉप, हेलिपैड, महिला डिग्री कॉलेज और यूनानी अस्पताल समेत कई परियोजनाओं का ऐलान
[responsivevoice_button pitch= voice="Hindi Female" buttontext="ख़बर को सुनें"]

उत्तर प्रदेश: बहराइच के नानपारा को मिली विकास की बड़ी सौगात, व्यवसायिक हब, रोडवेज बस स्टॉप, हेलिपैड, महिला डिग्री कॉलेज और यूनानी अस्पताल समेत कई परियोजनाओं का ऐलान

विवेक कुमार श्रीवास्तव | CMD NEWS

नानपारा (बहराइच)। नानपारा विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई दिशा देने के उद्देश्य से क्षेत्रीय विधायक रामनिवास वर्मा ने कई मह।त्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की। नानपारा स्थित ड्रीम हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं पर कार्य किया जाएगा।

विधायक ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा से जुड़े भवानियापुर क्षेत्र में व्यवसायिक एवं पर्यटन हब विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है। इस परियोजना से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्रवासियों को विभिन्न आवश्यक सुविधाएं और सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का लाभ न केवल नानपारा बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी मिलेगा।

उन्होंने बताया कि नानपारा में शीघ्र ही रोडवेज बस स्टॉप स्थापित कराया जाएगा। वहीं सआदत इंटर कॉलेज मैदान में हेलिपैड का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे भविष्य में आपातकालीन सेवाओं और आवश्यक आवागमन को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

CMD NEWS ने उठाए जनहित के अहम मुद्दे

पत्रकार वार्ता के दौरान CMD NEWS के प्रतिनिधि विवेक कुमार श्रीवास्तव ने नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने नानपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सरकारी अस्पताल) के सामने लंबे समय से बनी यातायात संबंधी समस्याओं, नई बस्ती (नानपारा देहात) में सरस्वती विद्या मंदिर जाने वाले जर्जर मार्ग, सआदत इंटर कॉलेज मैदान भग्गपुरवा में इंटरलॉकिंग रास्ते के बीच स्थित विद्युत खंभों एवं जर्जर बिजली तारों, किराये के भवन में संचालित यूनानी अस्पताल के कारण बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं में आ रही कठिनाइयों तथा क्षेत्र में महिला डिग्री कॉलेज की आवश्यकता का मुद्दा विधायक के समक्ष रखा।

इन प्रश्नों के उत्तर में विधायक रामनिवास वर्मा ने कहा कि नगर में आमजन की सुविधा, सुचारु यातायात व्यवस्था और व्यवस्थित शहरी विकास को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विषयों पर आवश्यक एवं उचित कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि नई बस्ती भग्गापुरवा और गायत्री मंदिर क्षेत्र में खराब बिजली के खंभों और जर्जर तारों को शीघ्र बदला जाएगा और खंभे को भी रास्ते से हटा कर किनारे किया जाएगा तथा सरस्वती विद्या मंदिर मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। महिला डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके साथ ही यूनानी एवं आयुर्वेदिक अस्पताल के लिए नए भवन का प्रस्ताव भी शासन को भेजे जाने की बात कही।

विधायक ने बताया कि नानपारा के शहीद स्मारक पर भव्य तिरंगा ध्वज स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा स्टेशन रोड की जर्जर सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाएगा तथा नगर की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कार्य किए जाएंगे। बाढ़ से ग्रस्त ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से ही नाव केंद्र आदि की व्यवस्था की बात विधायक ने बताई और बाढ़ से परेशान लोगों के लिए विधायक ने बताया कि उचित व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने जानकारी दी कि लंबे समय से जर्जर नानपारा नगर से रुपईडीहा बाइपास तक की सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसका परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगा है।

पत्रकारों ने भी क्षेत्र के विकास कार्यों की सराहना करते हुए नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी कई जनसमस्याओं और विकास संबंधी सुझाव विधायक के समक्ष रखे। विधायक ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया तथा साथी मौके पर संबंधित अधिकारियों से वार्ता भी किया।

पत्रकार वार्ता के अंत में विधायक रामनिवास वर्मा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र 283 नानपारा का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

इस अवसर पर सौरभ वर्मा, हरिहर वर्मा, चमन चौरसिया सहित अनेक कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

About cmdnews

Check Also

मास्टरस्ट्रोक या दबाव? परीक्षा विवाद के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, बोले- देश की एकता और छात्र हैं सर्वोपरि। देखिए पत्र और पढ़िए पूरी खबर

सारांश: NEET-UG 2026 परीक्षा में हुई अनियमितताओं के बाद उपजे विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा …

Leave a Reply

WhatsApp