रिपोर्ट राज कुमार पाण्डेय CMD न्यूज़ बस्ती

बस्ती। जनपद बस्ती में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध असलहा बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। थाना कलवारी, थाना नगर पुलिस एवं एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में अवैध तमंचा व कारतूस बनाते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना कलवारी क्षेत्र के मांझा खुर्द में श्मशान घाट के पीछे निर्जन स्थान पर छापेमारी की गई। यहां भट्ठी जलाकर अवैध तमंचा और कारतूस तैयार किए जा रहे थे। संयुक्त पुलिस टीम ने मौके से अभियुक्त ताज मोहम्मद पुत्र तैयब, निवासी कस्बा इलफातगंज, थाना इब्राहिमपुर, जनपद अम्बेडकरनगर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से दो अदद अवैध देशी तमंचा 12 बोर, दो अदद अवैध देशी तमंचा 315 बोर, एक अदद अवैध निर्मित देशी तमंचा 315 बोर, दो अदद अवैध स्वनिर्मित जिंदा कारतूस 12 बोर, एक अदद अवैध खोखा कारतूस 12 बोर तथा असलहा व कारतूस बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। गिरफ्तारी का समय रात करीब 02 बजे बताया गया है।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना कलवारी पर मु0अ0सं0 10/2026 धारा 3/5/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह पहले अपने घर से ही अवैध तमंचा व कारतूस बनाकर बेचता था, लेकिन पुलिस की सक्रियता बढ़ने पर वह श्मशान घाट के पास रात के समय यह कार्य करने लगा था। अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी थाना कोतवाली, जनपद बस्ती में आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष कलवारी गजेन्द्र प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष नगर भानु प्रताप सिंह, एसओजी प्रभारी निरीक्षक विकास यादव सहित कलवारी, नगर थाना, एसओजी व सर्विलांस सेल की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस अधीक्षक बस्ती ने टीम की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अवैध असलहा के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel