रिपोर्ट: विवेक श्रीवास्तव | CMD NEWS
विकासखंड शिवपुर की ग्राम पंचायत चौगाई में सरकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं की जमीनी हकीकत बदहाल नजर आ रही है। पंचायत भवन, आरसीसी सेंटर, सामुदायिक शौचालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय में अव्यवस्थाएं सामने आई हैं। कहीं भवन पर ताला लटका मिला तो कहीं पेयजल और स्वच्छता की सुविधाएं नदारद दिखीं। जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती यह रिपोर्ट।
पंचायत भवन बंद, ग्रामीण परेशान
पड़ताल के दौरान पंचायत भवन बंद मिला। परिसर में गंदगी और पेयजल की व्यवस्था भी नजर नहीं आई। ग्रामीण नीरज ने बताया कि पंचायत भवन कभी खुलता ही नहीं है। पंचायत से जुड़े कार्यों के लिए उन्हें मुख्यालय जाना पड़ता है।
आरसीसी सेंटर का नहीं हो रहा उपयोग
गांव में कूड़ा पृथक्करण के लिए बनाया गया आरसीसी सेंटर भी अपने उद्देश्य को पूरा करता नजर नहीं आया। केंद्र का समुचित उपयोग नहीं होने से स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
सामुदायिक शौचालय जर्जर जैसा
ग्राम पंचायत का सामुदायिक शौचालय अव्यवस्थित और जर्जर हालत जैसा दिखने को मिला। यहां समरसेबल और पानी की समुचित व्यवस्था भी नजर नहीं आई मात्र एक छोटा नल लगा दिखा। ग्रामीण नीरज के मुताबिक, शौचालय भी अक्सर बंद रहता है।
विद्यालय में शौचालय और पेयजल की समस्या
उच्च प्राथमिक विद्यालय में शौचालय का दरवाजा नीचे से गल चुका है, जिससे छात्र-छात्राओं को परेशानी हो रही है। पेयजल के लिए लगी सभी टोटियां भी गायब मिलीं। प्रधानाचार्य ने बताया कि कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। कुछ दिन पूर्व खंड विकास अधिकारी को भी शिकायत दी गई थी। विद्यालय में मात्र दो कमरे है और सभी जर्जर हैं इसीलिए बच्चों को खुले में प्रांगड़ में पढ़ाना पड़ता हैं।
विद्यालय में मिड-डे मील के मेन्यू का पालन नहीं
विद्यालय में मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की व्यवस्था में भी अनियमितता सामने आई। गुरुवार को निर्धारित मेन्यू के अनुसार सब्जी युक्त दाल बनाई जानी थी, लेकिन भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुरूप नहीं बना था। इस संबंध में प्रधानाचार्य ने बताया कि जो खाद्य सामग्री उपलब्ध होती है, उसी के अनुसार भोजन तैयार कराया जाता है। ग्राम प्रधान की ओर से जो सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, उसी से भोजन बनता है। ऐसे में विद्यालय में निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
जांच और जवाबदेही की दरकार
एक ही ग्राम पंचायत में चार प्रमुख स्थानों पर अव्यवस्थाएं सामने आना संबंधित विभागों की निगरानी पर सवाल खड़े करता है। आखिर पंचायत भवन नियमित क्यों नहीं खुलता? आरसीसी सेंटर का उपयोग क्यों नहीं हो रहा? विद्यालय में बुनियादी सुविधाएं क्यों दुरुस्त नहीं कराई गईं? अब संबंधित अधिकारियों से स्थलीय निरीक्षण, निष्पक्ष जांच और व्यवस्थाओं में सुधार की अपेक्षा है, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
अभी तक इस मामले में जिम्मेदारो के आधिकारिक जवाब नहीं मिल सका है मिलने पर प्रकाशित किया जाएगा।इस मामले में जिम्मेदारों का आधिकारिक पक्ष अभी प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष मिलने पर प्रकाशित किया जाएगा।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel



