बदायूं (बरेली मंडल)। रोहिलखंड के प्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार ने गंगा तट स्थित मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने मेला स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों, यातायात, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी कराई जाएं तथा मेला स्थल तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत और निर्माण समय से सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मेले में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को जाम और आवागमन की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एएसपी ने मेला परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छता और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक जनसुविधाओं की व्यवस्था समय से सुनिश्चित कराने को भी कहा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
इस दौरान थानाध्यक्ष कादरचौक विक्रम सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराते हुए मेला ककोड़ा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।
बदायूं से हरि शरण शर्मा, मंडल ब्यूरो चीफ बरेली।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel