रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार गौतम, कैसरगंज।

कैसरगंज (बहराइच)। ब्लॉक सभागार कैसरगंज में रविवार को प्रतिभा संरक्षण सेवा न्यास एवं कोशिश फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एग्जामनाथ सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता 2026 का पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ। प्रतियोगिता की परीक्षा 20 सितंबर को आयोजित की गई थी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख संदीप सिंह विसेन एवं अध्यक्षता कर रहे प्रतिभा संरक्षण सेवा न्यास के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों का बौद्धिक एवं मानसिक विकास होता है। डॉ. उपाध्याय ने कहा कि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
विशिष्ट अतिथि रसल रघुवंशी ने आयोजक शेखर श्रीवास्तव के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक हैं। राज्य पुरस्कार विजेता पूरनलाल चौधरी ने भी आयोजन की प्रशंसा की।
प्रतियोगिता के प्राइमरी वर्ग में देव प्रताप सिंह प्रथम, समर वर्मा द्वितीय और अक्षया शुक्ला तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में आशुतोष विश्वकर्मा प्रथम, राम बहादुर यादव द्वितीय तथा आभास मौर्य तृतीय रहे। सीनियर वर्ग में धर्मराज प्रथम, राजेश यादव द्वितीय और आशु सिंह तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को भी उपहार भेंट किए गए।
एग्जामनाथ के डायरेक्टर शेखर श्रीवास्तव ने अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शिवनाथ गौतम ने किया। इस दौरान क्षेत्र के शिक्षक, गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel