रिपोर्ट रमेश कुमार

17 किलो 50 ग्राम सुतली बम व पलीता बरामद, अस्थायी पटाखा दुकानों पर भी की गई जांच
बहराइच। दीपावली पर्व के मद्देनजर अवैध पटाखों एवं विस्फोटक पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए बहराइच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नानपारा पुलिस ने अवैध रूप से सुतली बम बनाने और बेचने के मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और दुकानों से कुल 17 किलो 50 ग्राम सुतली बम तथा पलीता बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष गुरुसेन सिंह के नेतृत्व में नानपारा पुलिस टीम 9 नवंबर 2026 को क्षेत्र में भ्रमण और चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सिद्दीक मड़ैया में अवैध रूप से सुतली बम का निर्माण एवं बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां से 2 किलो 600 ग्राम सुतली बम, 800 ग्राम पलीता और 1 किलो 800 ग्राम सुतली का बंडल बरामद हुआ।
पूछताछ में अनवर अली पुत्र अब्बास अली निवासी बंजरिया, थाना कोतवाली नानपारा ने अवैध रूप से सुतली बम बनाने और सिद्दीक मड़ैया स्थित किराये की दुकान से उनकी बिक्री करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वह तैयार सुतली बम अपने अन्य साथियों को बेचता था, जो सहादत इंटर कॉलेज मैदान में लगी अस्थायी पटाखा दुकानों के माध्यम से इनकी बिक्री कर रहे थे।
अनवर अली से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सहादत इंटर कॉलेज मैदान में लगी पटाखा दुकानों की जांच की। इस दौरान जीशान की दुकान से 2 किलो 450 ग्राम, शिवम सोनी की दुकान से 3 किलो 50 ग्राम, अमन सोनी की दुकान से 3 किलो 200 ग्राम तथा मो. रईस की दुकान से 3 किलो 150 ग्राम सुतली बम बरामद किए गए।
जांच में दुकानदारों के पास दीपावली के अवसर पर अस्थायी आतिशबाजी की दुकान संचालित करने की तीन दिवसीय अनुमति तो मिली, लेकिन सुतली बम की बिक्री के लिए वैध प्राधिकार नहीं पाया गया। वहीं, अनवर अली के पास भी सुतली बम के निर्माण एवं बिक्री का कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं थी।
पुलिस ने मामले में थाना नानपारा पर मु0अ0सं0 446/2026, धारा 5(क) विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। गिरफ्तार पांचों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
1. अनवर अली पुत्र अब्बास अली निवासी बंजरिया, थाना कोतवाली नानपारा।
2. जीशान पुत्र रग्घू निवासी घसियारन टोला, थाना कोतवाली नानपारा।
3. शिवम सोनी पुत्र दुर्गा प्रसाद निवासी पुरानी बाजार, थाना कोतवाली नानपारा।
4. अमन सोनी पुत्र दुर्गा प्रसाद निवासी पुरानी बाजार, थाना कोतवाली नानपारा।
5. मो. रईस पुत्र अब्दुल रशीद निवासी बेलदारन टोला, थाना कोतवाली नानपारा।
बरामदगी: कुल 17 किलो 50 ग्राम सुतली बम व पलीता।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
थानाध्यक्ष गुरुसेन सिंह मय हमराह, उपनिरीक्षक विकास वर्मा, उपनिरीक्षक कामेश्वर राय, कांस्टेबल अमरेश बहादुर, संजीव यादव, अभिषेक त्रिवेदी, हेड कांस्टेबल प्रमोद यादव, कांस्टेबल संदीप, सुशील सिंह, अंकित पाण्डेय एवं अनिकेत पटेल शामिल रहे।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel