गोंडा। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट गोंडा एवं अपराध आसूचना शाखा (CIB) की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन सतर्क के तहत चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से 78 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 53,500 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लखनऊ एवं संबंधित अधिकारियों के निर्देशन में रेलवे स्टेशन गोंडा के प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन संख्या 15274 की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन के कोच संख्या S-2 में शौचालय के पास दो ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग लावारिस हालत में मिले।
जांच के दौरान बैगों से अलग-अलग ब्रांड की कुल 78 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग और शराब पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद सुबह करीब 6:40 बजे रेलवे सुरक्षा बल ने शराब को अपने कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी गोंडा को सुपुर्द कर दिया।
बरामद शराब में रॉयल स्टैग की 10 बोतल, मैजिक मोमेंट की 12 बोतल, सिग्नेचर की 12 बड़ी बोतल और 44 छोटी बोतल शामिल हैं। कुल बरामदगी 78 बोतलों की रही, जिसकी कीमत 53,500 रुपये आंकी गई है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध राय, सहायक उप निरीक्षक रामदत्त प्रसाद सहित रेलवे सुरक्षा बल, ट्रेन एस्कॉर्ट पार्टी, अपराध आसूचना शाखा एवं जीआरपी के जवान शामिल रहे।
रिपोर्ट: निशा फातिमा
CMD News Newspaper & Live News Web Channel