रिपोर्ट: विवेक श्रीवास्तव CMD NEWS
बहराइच, 16 अक्टूबर। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से महिला पीजी कॉलेज में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आयोजित इस एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रही।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना निदेशक, डीआरडीए मनीष कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मिला मंच
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परियोजना निदेशक मनीष कुमार ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने तथा कला को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए निरंतर अभ्यास करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास से प्रस्तुति में निपुणता आती है और भविष्य में आगे बढ़ने के रास्ते खुलते हैं।
पांच विधाओं में आयोजित हुईं प्रतियोगिताएं
युवा उत्सव के दौरान पेंटिंग, कविता लेखन, समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और शिक्षण संस्थानों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। नुक्कड़ नाटक में सरस्वती विद्या मंदिर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि समूह लोकगायन में महिला पीजी कॉलेज ने बाजी मारी।
पेंटिंग प्रतियोगिता में अंशिका, आयुष सिंह और सोनिया सिद्धार्थ ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, कविता लेखन प्रतियोगिता में मनस्वी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का संचालन अमित पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर युवा कल्याण विभाग के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विनम्र शुक्ला, विकास वर्मा, अजय गुप्ता, देवेश शुक्ला, अखिलेश चौधरी और आलोक सिंह सहित शिक्षण संस्थानों के स्टाफ, बड़ी संख्या में छात्राएं तथा दर्शक मौजूद रहे।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
