रिपोर्ट :- अवनीश कुमार मिश्रा ब्यूरो चीफ

रंग लाई हरैया विधायक अजय सिंह की पहल, बनेगा श्री राम अवतरण कारीडोर
जनपद बस्ती। श्री राम जन्मभूमि से मखौड़ा धाम तक श्री राम अवतरण कारीडोर बनाया जायेगा। कारीडोर बनाए जाने को लेकर जिलाधिकारी ने पूर्ण विवरण सहित आख्या शासन को उपलब्ध कराया है।
यह जानकारी देते हुए हरैया विधायक अजय सिंह ने बताया कि कई बार मुख्यमंत्री, विभाग के मंत्री और अधिकारियों से स्वयं मिलकर और पत्र के माध्यम से अनुरोध करने के बाद भी जब कोई स्पष्ट उत्तर नहीं मिला तो नियम 51 के तहत विधानसभा में कारीडोर के निर्माण को लेकर प्रश्न उठाया। धर्मार्थ कार्य विभाग मुख्यमंत्री के पास होने के कारण अधिकारियों ने उनका मंतव्य जानना चाहा। मुख्यमंत्री ने सहमति देते हुए निर्देश दिया कि जल्द से जल्द श्री राम अवतरण कारीडोर का लागत सहित विस्तृत विवरण प्रस्तुत करें। जिसके क्रम में कारीडोर बनाए जाने के संबंध में शासन ने जिलाधिकारी को पूर्ण विवरण सहित आख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। शासन के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन के आर्किटेक्ट द्वारा तैयार प्रश्नगत परियोजना का प्रस्तुतीकरण संपूर्ण विवरण सहित शासन को उपलब्ध कराया है। आर्किटेक्ट द्वारा शासन को उपलब्ध कराए गए विवरण में मखौड़ा धाम पर्यटन विकास महायोजना में मुख्य रूप से अवशेष कार्यों को पूर्ण करना, संपूर्ण एवं समग्र विकास, एक आध्यात्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकास शामिल है। जिसके अंतर्गत मखौड़ा धाम मंदिर के परिसर का कार्य, 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का कार्य, कार्य के लाभ एवं परिणाम, संचालन एवं प्रबंधन, आय के स्रोत, प्रस्तावित कार्य के मानचित्र आदि का विस्तृत उल्लेख किया गया है। वर्तमान में मखौड़ा धाम में विधायक अजय सिंह के सहयोग से राम जन्मभूमि पर प्रस्तावित पहले चार शिखर के तर्ज पर मंदिर निर्माण का कार्य प्रगति पर है।
विधायक अजय सिंह ने बताया कि ऐतिहासिक मखौड़ा धाम स्थल उपेक्षा का शिकार था। वर्ष 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद से इसका विकास निरंतर जारी है। कहा कि प्रस्तावित कारीडोर को बौद्ध परिपथ एवं रामायण परिपथ से जोड़ा जा सकेगा। अयोध्या से जुड़ा होने के कारण पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी तथा संपूर्ण क्षेत्र में पर्यटन का विकास होगा। स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी जिससे हजारों परिवारों को रोजगार का अवसर मिलेगा
CMD News Newspaper & Live News Web Channel