बदायूं, 16 अक्टूबर। जिले के युवाओं को अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलने जा रहा है। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के कल्चरल ट्रैक (राष्ट्रीय युवा उत्सव) के अंतर्गत 28 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय युवा उत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से ऑडिटोरियम, डायट परिसर के हॉल में होगा।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी हरिप्रेम ने बताया कि युवा उत्सव में पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह), नुक्कड़ नाटक (समूह), चित्रकला और कविता लेखन शामिल हैं।
15 से 29 वर्ष के युवा कर सकेंगे प्रतिभाग
प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। आयु की गणना 26 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। प्रतिभागी का बदायूं जिले का निवासी होना अथवा जिले में अध्ययनरत होना अनिवार्य है। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में भाग ले सकेगा।
समूह प्रतियोगिताओं के लिए निर्धारित नियम
लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक की समूह प्रतियोगिताओं में एक दल में अधिकतम 10 प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। लोकनृत्य और लोकगीत में अधिकतम तीन संगतकर्ता भी शामिल किए जा सकते हैं। संगतकर्ताओं की आयु 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए और उनके सहित दल के कुल सदस्यों की संख्या 10 से अधिक नहीं होगी।
विजेताओं को मिलेंगे पुरस्कार और प्रमाण पत्र
लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक में भाग लेने वाले कलाकारों को अपने वाद्य यंत्र और वेशभूषा स्वयं लानी होगी। प्रतियोगिता में फिल्मी गीतों का कार्यक्रम शामिल नहीं किया जाएगा। प्रत्येक विधा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। वहीं, प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को मंडल स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने इच्छुक युवाओं से युवा उत्सव में भाग लेने की अपील की है। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9870811435 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष संख्या 321 में किसी भी कार्यदिवस पर पहुंचकर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
बदायूं से हरि शरण शर्मा, ब्यूरो चीफ | CMD NEWS
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
