रात 11 बजे मिली सूचना, दो घंटे की मशक्कत के बाद गायघाट में घाघरा नदी में छोड़ा गया मगरमच्छ
बहराइच। नानपारा वन रेंज के अंतर्गत ग्राम दर्जिनपुरवा मोहरबा में रविवार रात खेत के रास्ते एक करीब आठ फीट लंबा मगरमच्छ आबादी क्षेत्र में घुस आया। इसकी सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। वन क्षेत्राधिकारी पीयूष गुप्ता के अनुसार, 11 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे पुलिस टीम से मगरमच्छ के आबादी क्षेत्र में घुसने की सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। रात करीब एक बजे मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया। ग्रामीणों की मौजूदगी के बीच रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर रात करीब दो बजे मगरमच्छ को गायघाट स्थित घाघरा नदी में छोड़ दिया गया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जलस्रोतों के आसपास सतर्कता बरतें और बच्चों व बुजुर्गों को अकेले तालाब, नदी या नहर के किनारे न जाने दें। आबादी क्षेत्र में मगरमच्छ या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
