बहराइच। स्व. फूलन देवी की जयंती के अवसर पर सोमवार को नानपारा स्थित बंधन मैरिज लॉन में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के नेताओं और निषाद समुदाय के लोगों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम का आयोजन गोविंद निषाद की ओर से किया गया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं समाजवादी पार्टी नेता यासर शाह, सपा जिलाध्यक्ष राम हर्ष यादव, विधानसभा अध्यक्ष अयोध्या प्रसाद सोनी, सपा नेत्री नसीबुन्निशा सहित बड़ी संख्या में समुदाय के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान CMD NEWS ने आयोजक गोविंद निषाद से सीधे सवाल किए कि क्या यह आयोजन आगामी चुनाव को लेकर शक्ति प्रदर्शन था या महज बैठक। इस पर उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बहन फूलन देवी की जयंती मनाना था। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ समुदाय के लोग शामिल हुए हैं।
‘जिसे जनता चुनेगी, वही मैदान में आएगा’
राजनीतिक गतिविधियों को लेकर जब गोविंद निषाद से पूछा गया कि क्षेत्र में कई लोग अपना दमखम दिखा रहे हैं और चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि “जिसको जनता चुनेगी, वही मैदान में आएगा।” उनके इस बयान को आगामी चुनावी सियासत से जोड़कर देखा जा रहा है।
‘2013 से समाज को जागरूक करने का काम कर रहे हैं’
निषाद समाज को संदेश देने के सवाल पर गोविंद निषाद ने कहा कि उनका समाज अभी उतना शिक्षित नहीं है, लेकिन अब जागरूकता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वह वर्ष 2013 से समाज को जागरूक करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने निषाद समुदाय की आबादी उत्तर प्रदेश में करीब 18 से 19 प्रतिशत बताते हुए समुदाय को निर्णायक बताया।
‘समाज का कोई ठेकेदार नहीं होता’
निषाद समाज के नेता संजय निषाद के उस दावे पर कि निषाद समाज उनके साथ है, गोविंद निषाद ने कहा कि “समाज का कोई ठेकेदार नहीं होता है, समाज जाग चुका है।” उनके इस बयान को निषाद समाज के राजनीतिक नेतृत्व को लेकर चल रही खींचतान के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नानपारा में बड़ी लाइन के बाद ट्रेन संचालन का मुद्दा भी उठा
कार्यक्रम के दौरान नानपारा विधानसभा में बड़ी रेल लाइन का काम होने के बावजूद अब तक ट्रेन संचालन शुरू न होने को लेकर भी सवाल किया गया। सपा नेत्री नसीबुन्निशा द्वारा इस मुद्दे पर धरना-प्रदर्शन की बात कहे जाने के संबंध में गोविंद निषाद से सवाल किया गया इस पर उन्होंने कहा कि पार्टी जो निर्णय लेगी, उस पर बैठकर विचार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में पार्टी के निर्णय के अनुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी।
कार्यक्रम में फूलन देवी के संघर्ष, सामाजिक न्याय और वंचित समाज की राजनीतिक भागीदारी को लेकर भी वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान निषाद समुदाय के लोगों की मौजूदगी और नेताओं के बयानों के चलते नानपारा की स्थानीय सियासत में इस आयोजन ने राजनीतिक चर्चा को तेज कर दिया है।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
