रिपोर्टर : जितेंद्र कुमार गौतम

30 जुलाई कैसरगंज (बहराइच) गोड़हिया बहता पुरवा ग्राम सभा में किसानों के साथ आयोजित बैठक में पारले कंपनी के उप मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव राठी ने कहा कि इस वर्ष गन्ने की फसल पिछले वर्ष की तुलना में काफी बेहतर है। उन्होंने किसानों से समय पर गन्ना बंधाई करने की अपील करते हुए कहा कि अगस्त एवं सितंबर माह में तीन बार बंधाई करना बेहतर उत्पादन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि तेज बारिश और हवाओं के कारण गन्ना गिरने से उत्पादन में भारी कमी आ जाती है। इसलिए जब गन्ने की ऊंचाई 6–7 फीट हो जाए तो पहली बंधाई जमीन से 2.5 से 3 फीट की ऊंचाई पर सूखी पत्तियों की सहायता से एकल लाइन में करें। दूसरी बंधाई 7–8 फीट की बढ़वार पर पहली बंधाई से लगभग 1.5 फीट ऊपर करें। वहीं तीसरी बंधाई 9–10 फीट की बढ़वार होने पर आमने-सामने की दोनों लाइनों को कैंचीनुमा तरीके से बांधें।
संजीव राठी ने बताया कि समय पर बंधाई करने से गन्ना गिरने से बचता है, उत्पादन बढ़ता है, सियार और चूहों से होने वाला नुकसान कम होता है, बेहतर बीज प्राप्त होता है तथा छिलाई और कटाई का खर्च भी कम आता है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि अगस्त और सितंबर में बारिश व तेज हवाओं को देखते हुए सभी किसान अपने खेतों में शत-प्रतिशत गन्ना बंधाई सुनिश्चित करें, ताकि उत्पादन प्रभावित न हो।
बैठक में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। इस दौरान पारले कंपनी के अधिकारी दीपक एवं हरिगोविंद सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel