आशीष सिंह
बाराबंकी। विकास खंड बनीकोडर की ग्राम पंचायत सूपामऊ में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची से पचासों मतदाताओं के नाम कट जाने का बड़ा मामला सामने आया है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी और आक्रोश व्याप्त है। अनंतिम मतदाता सूची में शामिल रही पूजा, विमल कुमार, परीदीन, मालती, दिनेश, पुष्पा, राजकुमार, सुनीता मिथलेश कुमारी, धर्मेंद्र कुमार पुत्र राजेन्द्र प्रसाद सहित दर्जनों लोगों का आरोप है कि वह पूर्व से मतदान करते आ रहे कई लोगों के नाम नई अंतिम मतदाता सूची में नहीं हैं, जबकि अनंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल थे। जबकि वे ग्राम पंचायत के स्थायी निवासी हैं। नाम कटने की जानकारी मिलते ही प्रभावित मतदाताओं में आक्रोश देखा जा रहा है, ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मतदाता सूची में सुधार नहीं किया गया तो अनेक पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित हो जाएंगे। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर सभी पात्र मतदाताओं के नाम तत्काल सूची में शामिल किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में शीघ्र ही जिलाधिकारी बाराबंकी को सामूहिक शिकायत पत्र देकर त्रुटिपूर्ण मतदाता सूची की जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जाएगी।ग्रामीणों का कहना है कि लोकतंत्र के महापर्व में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है और किसी भी पात्र मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। जब इस संबंध में उपजिलाधिकारी महोदय रामसनेही घाट के सीयूजी नंबर पर संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा।
बोले बीएलओ साहब
त्रि-स्तरीय पंचायत मतदाता सूची हेतु तत्कालीन बीएलओ संदीप कुमार से जानकारी चाही गई तो उन्होंने कहा कि मेरे द्वारा मतदाता सूची नाम बढ़ाने या घटाने का काम उचित प्रपत्रो के आधार पर किया गया है इतने नाम कैसे कट गये जानकारी नहीं है।
दावेदार का दावा समर्थकों के ही नाम काटे गए*
ग्राम पंचायत सूपामऊ में प्रधान पद की दावेदारी कर रही शची सिंह ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची में जो भी नाम काटे गए हैं उसमें से चार दर्जन से ज्यादा उनके ही समर्थकों के नाम मतदाता सूची से बाहर किए गए हैं इस संबंध में शची सिंह ने बताया कि नाम बढ़ाने हेतु हर स्तर पर गुहार लगाएंगी।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel