बहराइच। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से बुधवार को यातायात पुलिस ने व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया। प्रभारी निरीक्षक यातायात रामप्रकाश एवं यातायात पुलिस टीम ने जनपद के विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान बस, चारपहिया, तीनपहिया और दोपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। यातायात पुलिस एवं नागरिक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 929 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 11,25,500 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर दो वाहनों को सीज भी किया गया।
जांच के दौरान 13 वाहनों पर गलत अथवा अस्पष्ट नंबर प्लेट मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं 72 दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने, 12 चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग न करने तथा दो मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाकर संचालन करने पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
