एक लक्ष्य हॉस्पिटल में विशाल भंडारा व चिकित्सा शिविर, खेसुआ में विधायक अजय सिंह के नेतृत्व में भी कांवड़ियों की सेवा
हर्रैया, बस्ती। सावन के पावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को हर्रैया क्षेत्र में आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। नेशनल हाईवे स्थित महुघाट के एक लक्ष्य हॉस्पिटल एंड फ्रैक्चर क्लीनिक में कांवड़ियों की सेवा के लिए विशाल भंडारे एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। वहीं, विकासखंड विक्रमजोत के निकट खेसुआ में विधायक अजय सिंह के नेतृत्व में 08 एवं 09 अगस्त को विशाल भंडारे और चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
एक लक्ष्य हॉस्पिटल में कांवड़ियों की हुई सेवा
महुघाट स्थित एक लक्ष्य हॉस्पिटल एंड फ्रैक्चर क्लीनिक में आयोजित कार्यक्रम का आयोजन हॉस्पिटल के संरक्षक पंकज पांडेय एवं संचालक डॉ. सूर्यकांत पांडेय के नेतृत्व में हुआ। भंडारे में कांवड़ियों के लिए भोजन, जलपान और पेयजल की व्यवस्था की गई।
इसके साथ ही चिकित्सा शिविर में कांवड़ियों की बीपी और शुगर की जांच की गई। जरूरतमंद श्रद्धालुओं को दवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही मलहम-पट्टी की सुविधा भी दी गई।
भंडारे के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। कांवड़ियों ने सेवा और चिकित्सा सुविधाओं के लिए हॉस्पिटल प्रबंधन का आभार जताया।
हॉस्पिटल के संचालक डॉ. सूर्यकांत पांडेय ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा ही सच्ची शिवभक्ति है। सावन के पावन माह में सेवा का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
चिकित्सा शिविर में संरक्षक पंकज पांडेय, संचालक डॉ. सूर्यकांत पांडेय, डॉ. मनोज कुमार सिंह (सर्जन), डॉ. युसूफ खान, डॉ. गौतम कुमार (ऑर्थो सर्जन), आदर्श सिंह, प्रदीप प्रजापति सहित हॉस्पिटल का स्टाफ मौजूद रहा।
खेसुआ में विधायक अजय सिंह के नेतृत्व में लगा भंडारा
वहीं, विधानसभा क्षेत्र 307 हर्रैया के विधायक अजय सिंह के नेतृत्व में विकासखंड विक्रमजोत के निकट खेसुआ में 08 और 09 अगस्त को कांवड़ियों की सेवा के लिए विशाल भंडारा एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाया। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए आयोजन स्थल पर विभिन्न व्यवस्थाएं की गई थीं।
धार्मिक वातावरण को और भक्तिमय बनाने के लिए भक्ति गीत प्रस्तुत करने वाले गायकों को भी बुलाया गया। भक्ति गीतों और ‘बोल बम’ के जयघोष से आयोजन स्थल पूरी तरह शिवमय नजर आया।
इस दौरान विधायक अजय सिंह ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हर स्तर पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वह पूरी तरह कटिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सेवा का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा और श्रद्धालुओं की जरूरत के अनुसार हर संभव सहयोग एवं सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और कांवड़ियों की सेवा के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
रिपोर्टर: अवनीश कुमार मिश्रा
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
