बहराइच के नानपारा क्षेत्र के माघी गांव में जर्जर छज्जा गिरने से 17 वर्षीय 12वीं के छात्र गोविंद मौर्य की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
जनपद बहराइच के नानपारा तहसील क्षेत्र के माघी गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 12वीं के छात्र की जान चली गई। जर्जर मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिरने से 17 वर्षीय गोविंद मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गोविंद मौर्य पुत्र छोटकन्ने मौर्य मूल रूप से लखीमपुर खीरी जनपद के डेबर गांव का निवासी था और कक्षा 12 का छात्र था। वह अपने मामा नंद किशोर मौर्य के घर माघी गांव में पिछले करीब 12 दिनों से रह रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे गोविंद मकान के पुराने और जर्जर छज्जे से लटककर नीचे कूदने की कोशिश कर रहा था। तभी छज्जा अचानक टूटकर उसके ऊपर आ गिरा। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर मां-बाप बेसुध हो गए। गोविंद दो भाइयों में बड़ा था। उसके छोटे भाई का नाम गोपाल मौर्य (14 वर्ष) है।
हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर भवनों की समय रहते मरम्मत या उन्हें हटाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।
रिपोर्ट: विवेक श्रीवास्तव (क्रांतिकारी)
CMD News Newspaper & Live News Web Channel
