रिपोर्ट राज कुमार पांडेय CMD न्यूज बस्ती

नगर बाजार, बस्ती। थाना नगर पुलिस ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से अपहृत नाबालिग छात्रा के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने न केवल अपहृता को सकुशल बरामद किया, बल्कि इस सनसनीखेज अपहरण कांड में शामिल पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो इनामी बदमाश भी शामिल हैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी और थानाध्यक्ष घायल हो गए।
थाना नगर में बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज इस मामले में, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, नगर बाजार से एक नाबालिग छात्रा का अपहरण किया गया था। पुलिस को 7 सितंबर को सुबह 4:30 बजे मुखबिर की सूचना पर अपहृता को तिलकपुर शिव मंदिर, थाना नगर, बस्ती से ट्रक चालक राहुल पांडेय (निवासी जयपुर, राजस्थान) के कब्जे से सकुशल बरामद किया गया। राहुल पांडेय को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
अपहृता के बयान और पूछताछ के आधार पर चार अन्य आरोपियों—सुनील (कठौतिया, थाना दुबौलिया), पंकज (कलवारी मुस्तहकम, थाना कलवारी), सुभाष (वेदपुर, थाना दुबौलिया), सीमा और राम सहाय (पुराना डाकखाना, थाना कोतवाली)—के नाम सामने आए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुभाष, सीमा और राम सहाय को 7 सितंबर को रात 8:40 बजे फुटहिया ओवर ब्रिज के पास से गिरफ्तार किया।
25,000-25,000 रुपये के इनामी बदमाश पंकज और सुनील की तलाश में पुलिस ने जगह-जगह दबिश दी। 8 सितंबर को सुबह दोपहर मे कुढ़ापट्टी नहर पुलिया के पास दोनों आरोपियों का पुलिस से आमना-सामना हुआ। पुलिस को देखकर दोनों बिना नंबर की अपाचे बाइक से भागने लगे, लेकिन पीछा करने पर उनकी बाइक फिसल गई। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस मुठभेड़ में पंकज और सुनील के पैरों में गोली लगी, जबकि थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय के बाएं हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस, दो मोबाइल फोन, 600 और 800 रुपये नकद, और एक बिना नंबर की अपाचे बाइक बरामद की। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में विधिक कार्रवाई जारी है। इस सफल ऑपरेशन से थाना नगर पुलिस ने न केवल अपहृता को सुरक्षित बचाया, बल्कि अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाकर क्षेत्र में सुरक्षा का संदेश भी दिया है।
CMD News Newspaper & Live News Web Channel