Breaking News
Home / BREAKING NEWS / महाराज सिंह इंटर कॉलेज में राज्य ललित कला अकादमी द्वारा भव्य प्रदर्शनी का आयोजन
[responsivevoice_button pitch= voice="Hindi Female" buttontext="ख़बर को सुनें"]

महाराज सिंह इंटर कॉलेज में राज्य ललित कला अकादमी द्वारा भव्य प्रदर्शनी का आयोजन

रिपोर्ट कृष्णा गोपाल

बहराइच 24 मई। राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार) के तत्वावधान में महाराज सिंह इंटर कॉलेज एवं कला निकेतन सोसायटी के संयुक्त सहयोग से आयोजित 20 दिवसीय कला कार्यशाला के समापन अवसर पर तीन दिवसीय भव्य कला प्रदर्शनी का शुभारंभ अतिथियों द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में कला, संस्कृति एवं शिक्षा जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एम.एल.सी. डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि एवं राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश के सदस्य अभिनव दीप उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आगमन पर सभी अतिथियों का रोली-चंदन, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार की गई चित्रकला, रेखांकन, लोककला एवं सृजनात्मक कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया, जिसकी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं कलात्मक आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ समाज में सौहार्द, संवेदनशीलता एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि कला व्यक्ति के विचारों एवं भावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति है तथा ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को नई दिशा एवं आत्मविश्वास प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश के सदस्य अभिनव दीप ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह तथा राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश भर में कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने हेतु निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य ललित कला अकादमी कलाकारों एवं विद्यार्थियों को मंच प्रदान करने, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा कला शिक्षा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि अकादमी द्वारा समय-समय पर कला कार्यशालाएँ, प्रदर्शनियाँ, प्रशिक्षण शिविर, प्रतियोगिताएँ एवं युवा कलाकारों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे ग्रामीण एवं छोटे नगरों में छिपी प्रतिभाओं को भी आगे आने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, जो विद्यार्थियों में सृजनात्मक सोच विकसित करने के साथ कला शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी कलाकारों एवं छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रकाश गुप्ता ने कला कार्यशाला की प्रशिक्षक एवं विद्यालय की प्रवक्ता शिवांगी राज, कार्यक्रम संचालिका शिवा देवी तथा अतिथि कलाकार हर्षिका सिंह के समर्पित प्रयासों एवं उत्कृष्ट कार्यशैली की विशेष सराहना की।

कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रवक्ता अमित कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं रचनात्मक अभिरुचि को बढ़ावा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता आनंद मोहन प्रधान ने कला प्रदर्शनी को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की कलाकृतियों में उनकी कल्पनाशीलता एवं प्रतिभा स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रवक्ता तबस्सुम आफरीन, शैलजा चौधरी, अभय सिंह, श्यामानंद यादव, विपिन कुमार साहू, राकेश कुमार, संतोष कुमार सिंह, अजय कुमार मेहरोत्रा, जन हरिश्चंद्र कनौजिया, अनीता पांडे सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त किसान डिग्री कॉलेज की कला शिक्षिका सविता वर्मा, साहित्यकार नितेश शुक्ला एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ कार्यक्रम में उपस्थित रहे

About CMD NEWS UP

Check Also

बहराइच के नानपारा में रामलीला मंच से पेड़ कटान और कमीशन के आरोपों तक गरमाई सियासत, दिलीप वर्मा के आरोपों पर रामनिवास वर्मा का पलटवार—CM और मंत्री को लिखे पत्रों का दिया हवाला

रिपोर्ट: विवेक श्रीवास्तव दिलीप वर्मा ने विधायक पर लगाए गंभीर आरोप, रामनिवास वर्मा बोले—आरोप निराधार; …

Leave a Reply

WhatsApp